रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान पंजाब में मनरेगा और पीएम आवास योजना में किए गए बदलावों की समीक्षा की। जालंधर डीसी ऑफिस में बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब को 842 करोड़ रुपए जारी होने के बावजूद मजदूरों को काम न मिलने की शिकायतें मिल रही हैं, जिनकी जांच के आदेश दिए गए हैं। आगे केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंजाब में जब बाढ़ आई तो केंद्र सरकार ने बाढ़ राहत के लिए 420 करोड़ दिए, लेकिन AAP सरकार ने यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट नहीं भेजा।
केंद्रीय मंत्री ने कच्चे मकानों को पक्का करने की लिस्ट में गड़बड़ियों, बाढ़ प्रभावितों की दिक्कतों और पराली प्रबंधन पर भी चर्चा की। इससे पहले मोगा में उन्होंने मॉडल गांव रणसींह कलां का दौरा किया और किसानों की मांगों को तत्काल मंजूरी दी। कृषि मंत्री शिवराज सिंह दो दिवसीय पंजाब दौरे पर हैं। इस दौरान पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह ने कहा कि हरियाणा में मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी 400 रुपए है लेकिन पंजाब में 346 है। ऐसे में केंद्रीय मंत्री चौहान ने दिहाड़ी हरियाणा जितनी करने का भरोसा दिया है।



