रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): इंदौर में चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से इलेक्ट्रिक कार में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रबर कारोबारी मनोज पुगलिया, उनकी बहू सिमरन सहित 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल
हैं।
बताया जा रहा है कि 6 मृतक भी रबर कारोबारी के रिश्तेदार थे, जो मंगलवार को ही बिहार के किशनगंज से कैंसर का इलाज कराने आए थे। घटना बुधवार तड़के 3.30 से 4 बजे के बीच बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी की है। पुलिस के अनुसार, कार से घर तक फैल आग ने अंदर रखे गैस सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। एक के बाद एक सिलेंडर फटने लगे, जिससे पूरा इलाका दहल गया। धमाका इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा ढह गया। बिजली सप्लाई बंद होने से घर में लगे डिजिटल लॉक खुल नहीं पाए और अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।


