रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर लुधियाना हाईवे बंद कर दिया गया है। वाहनों की लाइनें चार किलो मीटर तक पहुंच गई है।
दरअसल लुधियाना में प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का पोस्टमॉर्टम कराने और अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। इसके बाद पूरा परिवार बड़ी संख्या में लोगों को साथ लेकर लुधियाना-जालंधर हाईवे पर बैठ गया है। इससे हाईवे पर करीब 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है, जिसमें करीब एक हजार से ज्यादा वाहन फंस गए हैं।

जाम दोनों ओर से लगा हुआ है। परिजन ने दोपहर से दोनों साइडों को ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर बंद किया और बीच सड़क पर दरी बिछाकर बैठ गए। उनका कहना है कि हमें हत्यारों का एनकाउंटर देखना है। परिजन को समझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने ACP इंद्रजीत सिंह बोपाराय पहुंचे थे। उन्होंने परिजन को समझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे। परिजन ने मेन सुंदर नगर पेट्रोल पंप चौक जाम किया है। बस्ती चौक से काराबारा चौक तक और दूसरी ओर समराला चौक तक पूरा जाम है। ऐसे में जालंधर की ओर से आने वाले वाहन जालंधर बाईपास चौक से जगराओं पुल की ओर निकलें और ढोलेवाल चौक होते हुए आगे शेरपुर चौक पर हाईवे पर आ जाएं। दिल्ली की ओर से आने वाले वाहन भी इस रास्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं।


