रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैक्रामेंटो में पंजाबी मूल के युवक ने पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए दावा किया कि अमेरिकी आव्रजन एजेंसी ICE के एजेंट उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर चले गए हैं।
इसी बीच पुलिस एल्डोराडो काउंटी में महिला की जली हुई लाश मिली। फॉरेंसिक जांच और DNA रिपोर्ट से उसकी पहचान जैसमीन गिल के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने 16 अक्टूबर को पति गुरिंदर को गिरफ्तार कर लिया। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की, तो पूरा मामला सामने आया। पुलिस अब हत्या के कारणों का पता लगा रही है।
कब, कैसे और क्या हुआ 👇👇
– जैसमीन गिल को आखिरी बार 30 सितंबर को सैक्रामेंटो स्थित उनके घर पर देखा गया था। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका। 4 अक्टूबर को उनके चचेरे भाई ने पुलिस में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।
– शुरुआती पूछताछ में गुरिंदर गिल ने पुलिस को बताया कि जैसमीन घर के बाहर लगे मेलबॉक्स में डाक चेक कर रही थीं। इसी दौरान ICE के एजेंट आए और उन्हें हिरासत में लेकर चले गए।
– पुलिस को गुरिंदर की बात पर शक हुआ। अधिकारियों ने जब ICE एजेंसी से संपर्क किया, तो एजेंसी ने ऐसी किसी कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई।
– जैसमीन के लापता होने के बीच 1 अक्टूबर को एल्डोराडो काउंटी में पुलिस को एक जली हुई लाश मिली। फॉरेंसिक जांच और DNA रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि लाश जैसमीन गिल की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में गुरिंदर की भूमिका की जांच तेज कर दी। जांच के दौरान उसके बयानों में कई विरोधाभास भी सामने आए। फिर आरोपी ने गुनाह कबूल लिया।


