रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): बरनाला के जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में बुधवार को 3 युवतियां पानी की 50 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ गईं। तीनों ने आरोप लगाया कि 3 युवकों ने शादी का वादा कर उनके साथ संबंध बनाए, लेकिन अब शादी से इनकार कर दिया है।
एक युवती ने बताया कि युवक ने रोका (मंगनी) करने के बाद साल भर फिजिकल रिलेशन बनाए, लेकिन बाद में शादी से मना कर दिया। वहीं, दूसरी पीड़िता के अनुसार, युवक कई साल रिलेशन में रहकर रेप करता रहा, लेकिन अब विदेश भाग गया। युवतियों का कहना है कि करीब 2 महीने पहले शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काटने के बाद वे टंकी पर पहुंचीं और चेतावनी दी कि आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे नीचे कूद जाएंगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवतियों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया।
पढ़े तीन युवतियों की आपबीती
मंगनी के बाद शादी से मुकरा युवकः पहली युवती के अनुसार, आरोपी युवक के साथ उसकी मंगनी (रोका) हुई थी। मंगनी के बाद आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि बाद में युवक शादी करने से साफ मुकर गया।
डेढ़ साल रिलेशन, बाद में पता चला युवक शादीशुदाः दूसरी युवती का आरोप है कि वह करीब डेढ़ साल तक आरोपी युवक के साथ संबंध में रही। इस दौरान युवक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में उसे पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है। इसके बाद आरोपी ने उसका फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
2 साल साथ रहा, शादी का वादा कर विदेश भागाः तीसरी युवती ने बताया कि वह करीब दो साल से आरोपी युवक के साथ रह रही थी। युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था। युवती का आरोप है कि शारीरिक संबंध बनाने के बाद आरोपी उसे बिना बताए अचानक विदेश चला गया।


