रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): कनाडा के सरी में अज्ञात हमलावरों ने पंजाबी युवक और उसकी गर्लफ्रेंड की गोलियां मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उनकी लाल रंग की फोर्ड मस्टैंग कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं।

कपल के मर्डर के बाद हमलावरों ने अपनी सफेद रंग की सेडान कार को आग लगा दी और फरार हो गए। हमलावरों ने अपनी गाड़ी को आग सबूत मिटाने के लिए लगाई। कनाडा पुलिस ने इसे टारगेटेड किलिंग बताया है। जिससे इसे गैंगवार माना जा रहा है।वहीं मृतक युवक के पिता ने कहा कि उन्हें आधे रास्ते में बेटे की हत्या का पता चला। उन्हें नहीं पता कि बेटे की डेडबॉडी का कहां ले गए हैं। जानकारी अनुसार रविवार (15 नवंबर) रात करीब 10:38 बजे गोलीबारी की वारदात हुई। 124 स्ट्रीट और 88 एवेन्यू पर स्थित वॉलमार्ट के सामने पार्किंग में एक लाल रंग की स्पोर्ट्स कार खड़ी थी। कार में 23 वर्षीय युवक और 24 वर्षीय युवती मौजूद थे। इसी दौरान हमलावरों ने कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इमरजेंसी सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।


