रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): लुधियाना में महिला मेयर का बनना तय हो चुका है। पंजाब सरकार ने इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। लोहड़ी के बाद लुधियाना को मेयर मिल सकता है। फिलहाल जालंधर के मेयर को लेकर अभी विनीत धीर का नाम सामने आ रहा है लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
किसी के पास नहीं बहुमत
लुधियाना में 21 दिसंबर 2024 को नगर निगम का चुनाव संपन्न हुआ था। 20 दिन बाद भी शहर को मेयर नहीं मिल सका है। इस चुनाव में किसी भी पार्टी ने बहुमत हासिल नहीं किया है। आम आदमी पार्टी को 41 सीटें मिली और बहुमत के लिए 48 सीटें चाहिए। सत्ताधारी पार्टी एक आजाद पार्षद को भी अपने साथ लेने में कामयाब रही। अब सत्ताधारी पार्टी AAP के पास 42 सीटे हैं जोकि बहुमत से 7 सीटें पीछे हैं।
आम आदमी पार्टी द्वारा शिअद पार्षद चतरवीर सिंह को अपने साथ मिला लिया, लेकिन अगले ही दिन चतरवीर सिंह दोबारा शिअद में चले गए। वहीं, इससे पहले कांग्रेस की पार्षद दीक्षा कुमार भी AAP में चले गए थे। जिन्हें सांसद राजा वडिंग ने दोबारा पार्टी में शामिल करवा लिया था।




