रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): उत्तर प्रदेश के आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) और साहिबाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने अमृतसर में छापेमारी कर एक खालिस्तानी आतंकवादी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह आतंकवादी पिछले 30 वर्षों से फरार चल रहा था।
सूचना मिलने के बाद यूपी एटीएस की टीम ने अमृतसर ग्रामीण पुलिस से संपर्क किया। जिसके बाद टिम्मेवाला गांव में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आतंकवादी की पहचान मंगत सिंह के रूप में हुई है, जो अमृतसर ग्रामीण में छिपा हुआ था। पुलिस अधिकारियों ने खालिस्तानी संगठन के सदस्य मंगत सिंह की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। मंगत सिंह प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान कमांडो फोर्स (KCF) का सक्रिय सदस्य रहा है। उसके खिलाफ हत्या का प्रयास, TADA एक्ट की धाराएं (3/4), आर्म्स एक्ट, लूट, जबरन वसूली जैसे केस दर्ज हैं। इससे पहले मंगत सिंह की गिरफ्तारी 11 मार्च 1993 को हुई थी। वह 16 अगस्त 1995 को जमानत पर आया था जिसके बाद से लगातार 30 वर्षों से फरार था।




