रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में लगातार बारिश और बाढ़ को देखते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल गुरुवार को प्रदेश दौरे पर आएंगे। यह जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की। साथ ही उन्होंने बताया कि आज उन्होंने राज्य के हालातों को लेकर राज्यपाल से भी चर्चा की है।
राज्य सरकार ने पूरे पंजाब को आपदा प्रभावित घोषित कर दिया है। मुख्य सचिव केएपी सिन्हा के पत्र के तहत सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। स्कूल और कॉलेजों में छुट्टियां भी सात सितंबर तक बढ़ा दी गई हैं। प्रदेश के सभी 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और 1200 से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं। घग्गर नदी का पानी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। मोहाली में जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है। आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्डा ने अपने सांसद निधि से 3.25 करोड़ रुपए बाढ़ सुरक्षा और राहत कार्यों के लिए जारी करने की घोषणा की है। आज सुबह जालंधर के बस्ती शेख इलाके में एक घर गिर गया। घर में रहने वाला व्यक्ति बाहर होने के कारण सुरक्षित रहा, लेकिन घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।





