रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में मोगा के एक बेहद साधारण और गरीब परिवार में जन्मी 19 साल की लड़की अपने गाने से रातों-रात सुर्खियों में आ गई है। सोशल मीडिया पर उसे लेडी सिद्धू मूसेवाला बताया जा रहा है। मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला जैसे स्टाइल में गाने वाली इस लड़की का नाम परमजीत कौर है, जिन्हें उनके फैंस आजकल परम के नाम से हैशटैग कर रहे हैं।
इन दिनों परम सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है। उनके सॉन्ग की लाइन- नीं मैं अड्डी नाल पताशे जावां पोरदी हर किसी की जुबान पर चढ़ चुकी है। मोगा के दुनेके गांव में जन्मी परम का बचपन गरीबी में बीता। मां दूसरों के घरों में झाड़ू-पोछे और बर्तन साफ करने का काम करती हैं, जबकि पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। परम ने अपने एक क्लासमेट के साथ मोगा दाना मंडी में गाने का रियाज किया। ब्रिटिश पंजाबी म्यूजिक प्रोड्यूसर मनी संधू ने फेसबुक के जरिए परम से संपर्क किया है। जल्द ही वह परम को म्यूजिक इंडस्ट्री में लॉन्च कर सकते हैं।


