रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): लुधियाना में फ्लिपकार्ट के ट्रक से करीब 1.21 करोड़ रुपए के सामान की चोरी का मामला सामने आया है। ट्रक ड्राइवर नासिर और उसके सहायक चेत ने मिलकर 234 पार्सल चुरा लिए, जिनमें 221 एपल आईफोन, 5 अन्य महंगे मोबाइल फोन और अन्य उत्पाद शामिल हैं। यह ट्रक मुंबई के भिवंडी से खन्ना के गोदाम में 11,677 पार्सल पहुंचाने के लिए भेजा गया था।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, राजस्थान के भरतपुर निवासी नासिर को 10 दिन पहले ही एक लॉजिस्टिक फर्म में ड्राइवर की नौकरी मिली थी। 27 सितंबर को चेत ट्रक को खन्ना पहुंचाकर वहीं छोड़कर भाग गया, जबकि नासिर उसके साथ नहीं था। जब ई-कॉमर्स कंपनी के कर्मचारियों ने पार्सल स्कैन किए तो 234 पैकेट गायब पाए गए। वहीं जालंधर के पठानकोट चौक के पास चोरों ने एक सिगरेट की दुकान के ताले तोड़ कर लाखों की कीमत की सिगरेट और तंबाकू समेत अन्य समान चुरा लिया। सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।


