रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिद्धू ने फिर पंजाब की सियासत में हलचल मचा दी है। सिद्धू ने अचानक दिल्ली में प्रियंका गांधी से मुलाकात की। इसके बाद सिद्धू ने सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करते हुए लिखा- अपने मार्गदर्शक, प्रकाशस्तंभ और संरक्षक देवदूत से मिला। कठिन और चुनौतीपूर्ण समय में साथ देने के लिए बस उनके और भाई के प्रति आभारी हूं।
इस मुलाकात को इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि नवजोत सिद्धू की पत्नी डॉक्टर नवजोत कौर सिद्धू अमृतसर से चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी हैं। वह फील्ड में भी एक्टिव होकर लोगों से मुलाकात करने लगी हैं। प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस मुलाकात के बाद सीएम भगवंत मान सिद्धू पर तंज कसा। सीएम भगवंत मान ने कहा- ” सिद्धू कितनी बार राजनीति में आएंगे, कितनी बार छोड़ गए। ना मैं प्रियंका गांधी की अपॉइंटमेंट लाकर देता हूं, ना मुझे पूछ कर मिलते हैं। कभी कहते हैं शोज में जाना है, कभी पंजाब के एजेंडे की फाइल से धूल हटाते हैं। नवजोत सिंह सिद्धू को ऑल द बेस्ट।
सिद्धू की इस मुलाकात से पंजाब कांग्रेस में भी हलचल मची हुई है। कांग्रेस पहले ही प्रधान अमरिंदर राजा वडिंग, नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा समेत कई गुटों में बंटी है। लुधियाना से सांसद चुने जाने के बाद राजा वडिंग के पास प्रधान पद की भी जिम्मेदारी है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि कहीं हाईकमान फिर सिद्धू परिवार को पंजाब की कमान न सौंप दे।


