रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): सीबीआई ने पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के DIG हरचरण सिंह भुल्लर को 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। DIG भुल्लर ने मंडी गोबिंदगढ़ के स्क्रैप कारोबारी से रिश्वत मांगी थी।
गुरुवार को दिल्ली और चंडीगढ़ से आई CBI की टीम ने भुल्लर को पकड़ा। जिसके बाद CBI के 52 लोगों की टीम भुल्लर का मोहाली ऑफिस और चंडीगढ़ के सेक्टर 40 स्थित घर को खंगाला गया। जहां से कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं। भुल्लर को मोहाली स्थित DIG ऑफिस से पकड़े जाने की सूचना है लेकिन अभी तक जांच एजेंसी ने इसके बारे में कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है। भुल्लर को अभी किसी सीक्रेट जगह पर रखकर पूछताछ की जा रही है। भुल्लर को कल मोहाली की स्पेशल CBI कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। CBI सोर्सेज के मुताबिक स्क्रैप कारोबारी ने DIG भुल्लर के अलावा और भी कुछ अधिकारियों के नाम शिकायत में दिए हैं, जिन पर भी जल्द एक्शन हो सकता है। इससे पंजाब पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है।
2007 बैच के IPS भुल्लर के पिता महल सिंह भुल्लर पंजाब के DGP रह चुके हैं। भुल्लर के भाई कुलदीप सिंह भुल्लर भी कांग्रेस से विधायक रह चुके हैं। भुल्लर को 27 नवंबर 2024 को रोपड़ रेंज का DIG लगाया गया था।


