रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर अमृतसर से दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एंटी टैंक रॉकेट लॉन्चर (RPG) बरामद हुआ है। पुलिस का दावा है कि ये दोनों पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के एक ऑपरेटिव के संपर्क में थे, जिसने इन्हें रॉकेट लॉन्चर मुहैया कराया था। इनकी दिवाली पर बड़े हमले योजना थी लेकिन इसके पहले ही पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पंजाब के DGP गौरव यादव ने बताया कि दोनों का संपर्क फिरोजपुर जेल में बंद हरप्रीत सिंह उर्फ विक्की से भी है। विक्की हेरोइन तस्करी में जेल में बंद है। फिलहाल, पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां दोनों से पूछताछ की रही है। इनके लोकल नेटवर्क को तलाशा जा रहा है। पता लगाया जा रहा है कि ये कहां और किस वक्त हमला करने की साजिश कर रहे थे। एसएसपी मनिंदर सिंह ने बताया कि फिरोजपुर जेल में बंद विक्की को प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा। दोनों के खिलाफ कोई पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं निकला है। पता लगवाया जा रहा है कि रॉकेट लांचर से हमला करने लिए उन्हें क्या टारगेट दिया गया था।


