रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के मानसा में स्टेट लेवल की एक महिला पहलवान ने नशे के लिए अपना 5 माह का बच्चा बेच दिया। उसने बच्चा उन्हीं लोगों को बेचा, जिनसे वह और उसका पति नशा खरीदते थे। आरोपी दंपती गुरमन कौर व संदीप सिंह पहले हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया में रहते थे। इन्होंने रतिया में 5 लाख में सौदा किया। यहां सफल नहीं हुए।
इसके बाद दोनों पंजाब के मानसा जिले के अकबरपुर कुदाल गांव में रहने लगे। यहां एक महीने पहले अपने बेटे को 1.80 लाख रुपए में बुढलाडा के संजू व उसकी पत्नी आरती को बेच दिया। महिला पहलवान की बहन का कहना है कि संदीप ने ही उसकी बहन गुरमन को नशे के दलदल में फंसाया। बच्चा बेचकर मिले करीब पौने 2 लाख रुपए भी नशे में ही उड़ा दिए। बाद में महिला पहलवान की चेतना जागी तो उसने पुलिस थाने में शिकायत देकर बच्चा वापस दिलाने की गुहार लगाई है। हालांकि, बच्चे का सौदा करने के आरोप में पुलिस ने बच्चा बेचने और खरीदने वालों पर केस दर्ज कर लिया है।


