रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के अमृतसर स्थित गांव धारीवाल में देर रात गोली चली। जिसमें NRI युवक की गोली लगने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान धारीवाल के रहने वाले मलकीत सिंह (42) पुत्र सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने परिवार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मामला थाना राजासांसी के अधीन आने वाली पुलिस चौकी ओठियां का है। मृतक मलकीत कुछ दिन पहले ही इटली से आया था। उसने घर को बनाने का काम शुरू किया था। वहीं, घटना के समय वह अपने पिता के साथ खेतों में था। पिता सुरजीत सिंह ने बताया कि उनका बेटा देर रात अपने खेतों में गेहूं की बुआई कर रहा था, जब गांव के ही एक युवक ने उस पर अचानक गोलियां चला दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने बिक्रम नामक युवक पर आरोप लगाए हैं। बिक्रम गांव का ही रहने वाला है और आए दिन धमकियां देता था। उसने परिवार से फिरौती की मांग की थी। परिवार ने पैसे देने से मना कर दिया। रात आरोपी ने खेतों में काम कर रहे उनके बेटे पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।


