रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के बरनाला में पति-पत्नी ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। व्यक्ति ने दीवार पर सुसाइड नोट लिखा। इसके साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो में उन्होंने अपनी मौत के लिए पड़ोसी और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराया है।
व्यक्ति ने आरोप लगाया कि पड़ोसी पत्नी को अवैध संबंध को लेकर परेशान करता था। अश्लील वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। परिजनों ने आरोपी परिवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतकों की पहचान निर्मल सिंह निम्मा (50) और रमनदीप कौर (45) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, निर्मल और रमनदीप के शव गुरुवार सुबह उनके घर के एक कमरे में मिले। मामला महिता गांव में सामने आया। सुसाइड नोट में निर्मल सिंह ने पड़ोसी युवक को इस पूरी घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया। नोट में लिखा- पड़ोसी के बेटे प्रीत के उसकी पत्नी के साथ पिछले छह महीने से अवैध संबंध थे। प्रीत उसकी पत्नी को ब्लैकमेल करता था। कई बार उस युवक को समझाने की कोशिश की। लेकिन वह नहीं माना। जिसके कारण दोनों पति-पत्नी मानसिक रूप से बहुत परेशान थे।सुसाइड नोट में आगे लिखा- प्रीत की गलती से हमारा इकलौता बेटा भी बर्बाद हो गया है। हमें न्याय दिया जाए।
व्यक्ति ने मारने से पहले सोशल मीडिया पर डाली वीडियो में कहा पंडित का सारा परिवार हमारी मौत का जिम्मेदार है। इसका बड़ा बेटा मेरी पत्नी को ब्लैकमेल करके 6 महीने से उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था। उसे कम से कम फांसी मिले या उम्रकैद हो। उसने मेरा घर उजाड़कर रख दिया। मेरा 15 साल का बेटा बेघर कर दिया। मेरा हंसता-बसता घर उजाड़कर रख दिया। उसने आगे कहा कि जब मुझे पता चला तो मैंने उसे कहा कि वह ये सब बंद कर दे, लेकिन वह नहीं माना। वह मेरी गैरहाजिरी में मेरे घर पर और मेरी पत्नी को अपने घर पर बुलाकर शारीरिक संबंध बनाता रहता था।


