रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): अमृतसर में 7 साल के बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। बच्चा घर के पास एक कोठी के पास मृत मिला। परिवार का आरोप है कि उसकी हत्या कर शव फेंका गया। मौके से ईंटें और रोड़े बिखरे मिले। गांव के सरपंच ने भी घटनास्थल देखकर वारदात की आशंका जताई।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को भेजकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। बच्चे की पहचान अमृतसर के हलका मजीठा के गांव बाबोवाल के एकम प्रीत के रूप में हुई है। उसकी उम्र महज सात साल थी। एकम प्रीत घर के सामने ही खेल रहा था, लेकिन कुछ देर बाद पास की एक कोठी के पास उसकी लाश मिली। घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में हैं। परिवार ने दावा किया कि एकम प्रीत परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बड़ी बहन भी है। परिजनों का आरोप है कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को वहां फेंका है। उनका कहना है कि घटनास्थल पर ईंटें और रोड़े बिखरे मिले, जिसकी वजह से यह शक और गहरा हो गया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित वारदात हो सकती है।


