रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के नवांशहर में सोमवार को बस स्टैंड में ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। दुकानदारों ने बताया कि 2 कारें एक-दूसरे का पीछा कर रही थीं। इनमें एक गाड़ी स्कॉर्पियो थी। इसका पीछा कर रही दूसरी कार में सवार युवकों ने बंगा बस अड्डे पर पहुंचते ही 35-40 राउंड गोलियां चलाई।
इससे स्कॉर्पियो सवार 5 युवक घायल हो गए। सभी घायलों को गुरु नानक मिशन अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उनको DMC लुधियाना के लिए रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस, घटना की जांच शुरू गोलियां चलने की सूचना बस अड्डे पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोलियों से छलनी स्कॉपियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आस-पास के लोगों से पूछताछ की गई। अभी घटना के पीछे की असली वजह सामने नहीं आ पाई है। दूसरी गाड़ी में सवार लोग मौके से भाग गए हैं। CCTV कैमरों को चेक किया जा रहा है। वहीं मौके पर दुकानदारों ने बताया कि ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। गोली चलाने वाले आई-20 कार में सवार थे।


