रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर मनु अगवान का ऑडियो सामने आया है। ऑडियो में मनु ने दावा किया है कि उसके नाम से फिरौती मांगने वाले कई लोग एक्टिव हैं और यदि किसी को ऐसी कॉल आती है तो वह सीधे उससे संपर्क करे। उसने कहा कि वह खुद ऐसे लोगों को देख लेगा।
मनु ने पुलिस को खुली चेतावनी देते हुए कहा है कि थानों पर बम धमाके जारी रहेंगे। जिसमें दम होगा, वो रोक ले। मनु अगवान हाल ही में बटाला की दो पुलिस चौकियों पर हुए बम धमाकों में आरोपी है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। हालांकि रोजाना मेल इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
ऑडियो में मनु ने क्या कहा…
गैंगस्टर मनु ने कहा कि वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। विनती करनी थी कि हमारे नाम पर लोगों को फिरौती के कॉल आ रहे हैं। मैं मनु बोल रहा हूं, या ऐसे वैसे। मेरी यही आवाज है कि अगर किसी को फिरौती के लिए कॉल आती है तो हमारे साथ संपर्क करो। उसका (कॉल करने वाले का) नंबर का पता हम अपने आप कर लेंगे। गैंगस्टर ने कहा कि बाकी मेरे साथी कुछ खच (शोर डालने वाले) ये कह रहे हैं कि पंजाब पुलिस पर बम फेंकेंगे, नुकसान करेंगे, ऐसे वैसे। बाकी मेरे साथियो बम ऐसे ही गिरते हैं और गिरते रहेंगे।


