रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के फिरोजपुर में RSS नेता के पोते नवीन हत्याकांड मामले में पुलिस ने आज 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को फिरोजपुर से ही पकड़ा गया। तीन दिन पहले बदमाशों ने शहर के बीच बाजार गोलीबारी कर नवीन की हत्या की थी। हत्या निजी रंजिश को लेकर की गई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कनव और हर्ष के तौर पर हुई है। हत्याकांड की जिम्मेदारी खालिस्तानी संगठन शेर-ए-पंजाब ब्रिगेड ने ली थी। संगठन ने कहा था कि हमने हिंदूवादी गिरोह के नेता को सुधार दिया है लेकिन ऐसा कुछ नहीं निकला।

एसएसपी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह ने बताया कि कनव और हर्ष ने नवीन की रेकी की थी। हत्या की पूरी प्लानिंग कनव के घर पर हुई थी। 4 लोग इस हत्या में सीधे तौर पर शामिल हैं। इनमें से कनव और हर्ष को शहर से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों ने पूछताछ में हत्या की साजिश रचने का खुलासा किया। इनके दो साथी अभी गिरफ्त से बाहर हैं। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने टीमों का गठन कर रखा है जो लगातार छापा मार रही हैं। एसएसपी ने बताया कि हत्या के लिए आरोपी दो गुटों में बंटे थे। दो लोग मोची बाजार की गली के एक तो दो लोग दूसरे छोर पर खड़े थे। इनकी प्लानिंग थी कि नवीन जिस भी तरफ से निकलने उसे वहीं घेर लेंगे। पकड़े गए हर्ष और कनव गली के दूसरी तरफ खड़े थे। अगर नवीन इनकी तरफ आता तो ये गोली चला देते। घटना के बाद इन्होंने ही गोली चलाने वाले साथियों की भागने में मदद की। एसएसपी भूपिंदर सिंह ने बताया कि मुख्यारोपी जतिन काली था। उसने पहले सबको 5-5 हजार ऑफर किए। युवक नहीं माने तो 25-25 हजार रुपए देने की बात कही। इस पर भी युवक नहीं माने तो 1 लाख रुपए देना तय किया।


