रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के लुधियाना में एक 34 वर्षीय उज्बेकिस्तान की महिला पर फायरिंग का मामला सामने आया। पक्खोवाल रोड पर उसके 2 दोस्तों ने ही उसे गोली मार दी। वजह ये थी कि उसने ड्राइव पर जाने से इनकार कर दिया था।
महिला को सीने में गोली लगी है। महिला का प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। थाना सदर की पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता की पहचान उज्बेकिस्तान की निवासी असलिगुन स्पारोवा के रूप में हुई है, जो पिछले एक साल से भारत में रह रही है। स्पारोवा जो पिछले छह महीनों से गांव दाद के एक होटल में रह रही है, उसने पुलिस को बताया कि उसका परिचित बलविंदर सिंह अपने दोस्त हरजिंदर सिंह के साथ कार में उससे मिलने आया था। इसके बाद वो उससे जबरन कार में चलने को कह रहा था। मना करने पर बलविंदर ने कार के डेशबोर्ड से एक रिवॉल्वर निकाली और उसे धमकी दी कि अगर उसने बात नहीं मानी तो वह उसे मार देगा। जब स्पारोवा ने मना किया तो आरोपी ने फायर कर दिया। आरोपियों की पहचान फरीदकोट के न्यू हरिंद्र नगर के निवासी बलविंदर सिंह और लुधियाना के मोहल्ला रघुबीर पार्क जस्सियां रोड के हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है।


