रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब और चंडीगढ़ में आज घना कोहरा है। इसका सबसे ज्यादा असर अमृतसर, लुधियाना और जालंधर में दिख रहा है। अमृतसर में विजिबिलिटी जीरो हो गई है। इसके अलावा तरनतारन, बठिंडा, बरनाला, संगरूर, पटियाला, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, कपूरथला, मोगा, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, नवां
शहर, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर और मानसा में भी धुंध का असर दिखाई दे रहा है।
शुक्रवार सुबह जालंधर-चंडीगढ़ रोड पर बलाचौड़ में घने कोहरे के कारण नेशनल हाईवे पर खड़ी ट्राली से एम्बुलेंस की टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एम्बुलेंस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मिली जानकारी के अनुसार एम्बुलेंस ड्राइवर मरीज को लेकर जा रहा था, इस दौरान यह हादसा हो गया। जिसके बाद घटनास्थल पर दूसरी एम्बुलेंस को बुलाकर मरीज को उसमें शिफ्ट किया गया और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई, जहां राहगीरों की मदद से एम्बुलेंस को सड़क से किनारे करवाया गया। पुलिस ने बताया कि घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई है, जिसके कारण यह हादसा हुआ है।


