रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के लुधियाना में सोमवार को दिनदहाड़े AAP की विधायक सर्वजीत कौर मनुके के भतीजे की हत्या कर दी गई। वह कबड्डी खिलाड़ी की मदद करता था। इसी रंजिश के चलते जगराओं में गांव मनुके की अनाज मंडी के पास आरोपियों ने उस पर गोलियां चलाईं। गोलियां लगने के बाद वह वहीं पर गिर गया।
उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 32 वर्षीय गगनदीप सिंह के रूप में हुई है। वह बाउंसर था। 3 बच्चों (दो बेटियां और एक बेटा) का पिता था। सूचना मिलते ही हठूर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि कबड्डी खिलाड़ी से जुड़ी पुरानी रंजिश के कारण ही उनके बेटे की हत्या की गई है।
Advertisement


