रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): चंडीगढ़ के एक युवक ने अमेरिका में अपनी गर्लफ्रेंड की चाकू से हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद युवक ने चालाकी से पुलिस स्टेशन जाकर गर्लफ्रेंड की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, ताकि शक से बच सके। इसके बाद भारत आ गया।
आरोपी शनिवार को अमेरिका से फ्लाइट लेकर पंजाब के अमृतसर पहुंचा था, जिसके बाद उसके चंडीगढ़ आने की भी जानकारी सामने आई। सोमवार को इंटरपोल की मदद से आरोपी को तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है, जबकि मृतका की पहचान 27 वर्षीय निकिता गोडिशला के तौर पर की गई है। निकिता तेलंगाना के हैदराबाद की रहने वाली थीं। अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी पर लगातार नजर रखी जा रही थी। भारतीय एजेंसियों के साथ कोआर्डिनेशन कर उसे डिपोर्ट कराने की प्रक्रिया की तैयारी की जा रही थी। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।


