रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के सभी जिलों में आज (बुधवार) को घने कोहरे और चार जिलों में शीत लहर चलने की संभावना है। मौसम विभाग की तरफ से इस संबंध में आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मोहाली, नवांशहर, रूपनगर और पटियाला में कोल्ड-डे की स्थिति भी बन सकती है।
पिछले 24 घंटे में राज्य के तापमान के अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यह सामान्य तापमान से तीन डिग्री नीचे पहुंच गया है। ऐसी ही स्थिति रात के तापमान की है। उसमें भी गिरावट का दौर जारी है। सबसे कम तापमान बठिंडा में 4.2 डिग्री दर्ज किया गया है। हालांकि मौसम ड्राई डे रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में ऊंचाई पर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इस वजह से तेज पश्चिमी हवाएं (जेट स्ट्रीम) चल रही हैं। साथ ही शीतलहर की स्थिति बन रही है। वहीं, इस दौरान अमृतसर में जीरो, हलवारा में जीरो, बल्लोवाल सौंखड़ी में 10 और बठिंडा 150 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई है।
आज अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला में बहुत घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। इसी तरह पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर, रूपनगर, एसएएस नगर (मोहाली), मालेरकोटला में कहीं-कहीं घना कोहरे के रहने की संभावना है।


