रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब सरकार ने झज्जर बचौली जंगली जीव सैंक्चुअरी का नाम श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के नाम रखने का फैसला लिया है। पंजाब राज्य जंगली जीव बोर्ड की स्टैंडिंग कमेटी ने इसे मंजूरी दी है। 289 एकड़ में फैली सैंक्चुअरी अब श्री गुरु तेग बहादुर जंगली जीव सैंक्चुअरी के नाम से जानी जाएगी। कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस की सिफारिश पर यह फैसला लिया गया है।
आनंदपुर साहिब में स्थित है सैंक्चुअरी
झज्जर-बचौली वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी पंजाब के रूपनगर जिले में, श्री आनंदपुर साहिब के पास स्थित है। आनंदपुर साहिब से करीब 15 किलोमीटर दूर है और सतलुज नदी के आसपास फैली हुई है। यह सैंक्चुअरी जंगल और जानवरों की सुरक्षा के लिए बनाई गई है। यहां खैर, शीशम, नीम और आंवला जैसे पेड़-पौधे हैं, जिससे यह इलाका हरा-भरा रहता है। सैंक्चुअरी में नीलगाय, हिरण, जंगली सूअर और सियार जैसे जानवर पाए जाते हैं। यह जगह वन्यजीवों को बचाने और प्रकृति देखने वाले लोगों के लिए खास है। सरकार इसे पर्यटन के रूप में भी विकसित करना चाहती है।


