रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में अमृतसर के एक होटल में पति ने NRI पत्नी की हत्या कर दी। सोमवार दोपहर महिला की लाश होटल के कमरे में मिली। महिला करीब एक हफ्ते पहले ही पति के साथ पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने ऑस्ट्रिया से आई थी।
पति के काफी देर तक होटल में न लौटने और कमरे में कोई हलचल न होने पर होटल वालों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को बुलाया। फिर दरवाजा तोड़ा गया। पुलिस ने जांच की तो महिला की लाश बेड से नीचे पड़ी हुई थी। उसके पेट-गर्दन और शरीर के कई हिस्सों में किरच से वार किए गए थे। मृतका के भाई का आरोप है कि पति ने चरित्र पर शक के चलते उसकी हत्या की। मृतका का 6 महीने का बेटा है। भाई का कहना है कि रात पति यह कहते हुए घर से निकला कि हम घूमने जा रहे हैं। बेटे को भी साथ नहीं ले गया। अब उन्हें हत्या का पता चला। आरोपी पति होटल से फरार है। उसका पूरा परिवार विदेश में रहता है। पुलिस को उसके विदेश भागने का भी शक है। पुलिस ने लाश का पोस्टमॉर्टम करवाकर आरोपी पति पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मृतका प्रभजोत कौर मूल रूप से गुरदासपुर की रहने वाली थी। उसकी शादी अमृतसर में हुई थी। पुलिस फिलहाल आरोपी पति की तलाश कर रही है।


