रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): अमृतसर में पंजाब को नशा मुक्त बनाने की मुहिम के तहत, स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल और काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक खुफिया ऑपरेशन के दौरान 40 किलोग्राम हेरोइन की खेप बरामद की है। पुलिस ने मोगा जिले के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद हुई हेरोइन की कीमत इंटरनेशनल मार्किट में 2 अरब 80 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर साझा की है। उन्होंने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस को इनपुट मिले थे कि नशा तस्करों का एक गिरोह हेरोइन की बड़ी खेप लेकर पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई करने की फिराक में है। पकड़े गए चारों आरोपी मोगा जिले के कोट इसेखान गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों के कब्जे से 40 किलो उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन तस्करों ने एक शातिर और आदतन नशा तस्कर के निर्देशों पर यह खेप इकट्ठा की थी। पुलिस के मुताबिक, इस हेरोइन को पंजाब के विभिन्न जिलों और ठिकानों पर सप्लाई किया जाना था।


