रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के जालंधर पठानकोट रोड़ पर एक दर्दनाक हादसे में दो एक्टिवा सवार चार लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। वहीं कार भी फिर एक ट्रक से जा टकराई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
हादसा जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर मुकेरिया शुगर मिल के पास देर रात हुआ। दो स्कूटियों पर सवार चार युवक घर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही स्कूटियों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर केवल मलबे के ढेर नजर आए। जानकारी के अनुसार, चारों मृतक स्थानीय पैलेस और होटलों में काम करते थे। देर रात एक शादी समारोह का काम निपटाकर वे अपनी स्कूटियों पर सवार होकर घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। स्कूटी सवारों ने पीछे से आती तेज कार को देखकर अपनी स्कूटी सड़क के किनारे करने की कोशिश भी की थी, लेकिन कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और उन्हें सीधे टक्कर मार दी।


