रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने गढ़शंकर स्थित पंजाब वक्फ बोर्ड के रेंट कलेक्टर मोहम्मद यासीन और एक संविदा चपरासी मोहम्मद तालीम को 18 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बलाचौर निवासी एक किसान की शिकायत पर की गई, जिससे जमीन की लीज रिन्यूअल के बदले पैसों की मांग की जा रही थी। विजिलेंस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह पूरा मामला शहीद भगत सिंह नगर (एसबीएस नगर) के बलाचौर निवासी एक किसान की शिकायत से जुड़ा है। किसान ने बताया कि उसने 2018 से 2021 तक तहसील बलाचौर के गांव भड्डी में वक्फ बोर्ड की 10 कनाल जमीन लीज पर ली थी। साल 2021 में जब लीज की अवधि समाप्त हुई, तो शिकायतकर्ता ने इसके नवीनीकरण (रिन्यूअल) के लिए रेंट कलेक्टर मोहम्मद यासीन से संपर्क किया। आरोप है कि यासीन ने लीज की फाइल तैयार करने के बदले किसान से 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी। जब किसान ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो सौदेबाजी के बाद रिश्वत की रकम घटाकर 20 हजार रुपए तय की गई। इसमें से आरोपी यासीन ने 2,000 रुपए मौके पर ही ले लिए थे और बाकी के 18,000 रुपए बाद में देने की बात हुई थी।


