रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के लुधियाना में ATM को तोड़कर लूटने की कोशिश करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने काबू किया है। उससे एक लोहे का औजार भी मिला है। आरोपी पहले भी इस तरह की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। थाना मोती नगर की पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ भी की जा रही है।
जानकारी मुताबिक हवलदार अजमेर सिंह ने कॉर्पोरेशन के सैंड 100 फुटा रोड, शेरपुर कलां के पास बीते दिन नाकाबंदी की हुई थी। सूचना मिली कि फैशन किंग शोरुम शेरपुर के पास बने एक्सिस बैंक के ATM को तोड़ने की एक व्यक्ति कोशिश कर रहा है। पुलिस टीम ने उसी समय सुबह 4 बजे रेड की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक लोहे की सब्बल (औजार) बरामद की गई है, जिसका इस्तेमाल वह ATM को तोड़ने के लिए कर रहा था। आरोपी की पहचान लवप्रीत सिंह निवासी अर्बन एस्टेट फोकल प्वाइंट के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा BNS 331(4), 305,62 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।


