रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में देर रात हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों कारोबारी थे जो ठेके की डील करके वापिस लौट रहे थे।
हादसा फाजिल्का जिले के अबोहर में हुआ। जानकारी अनुसार रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार
बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार 2 सगे भाइयों समेत 3 युवकों की मौत हो गई। वहीं, 2 युवक घायल हुए हैं। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों की पहचान उदय (24), विशाल (22) और रमन (22) के रूप में हुई है। इनमें उदय और विशाल सगे भाई थे। माता-पिता के ये दोनों ही बच्चे थे। इनके जाने से पूरा परिवार उजड़ गया है। इनमें से उदय शादीशुदा था। उसके 2 बच्चे हैं। जबकि, रमन इनकी बुआ का लड़का था। वहीं, घायलों में रोशन और अनमोल शामिल हैं। ये सभी अबोहर के पास गांव बलुआणा के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि ये सभी युवक बागों में किन्नू तोड़ने का ठेका लेते थे। कल रात भी ये एक डील फाइनल कर लौट रहे थे।


