रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब विधानसभा में वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने 2,60,437 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। उन्होंने कहा कि ये बजट मां-बेटियों को समर्पित है। इस बजट का नाम गारंटी पूरा करने वाला नाम रखता हूं। वित्तमंत्री चीमा ने कहा- 2026-27 में शिक्षा के लिए 19279 करोड़ का बजट रखा गया है। जो पिछले साल के मुकाबले 7% ज्यादा है।
बजट पेश करने से पहले वित्तमंत्री ने मां मंजीत कौर का आशीर्वाद लिया। इसके साथ भगत सिंह और भीमराव अंबेडकर को भी नमन किया। इसके बाद उन्होंने CM भगवंत मान से मुलाकात की। बजट कॉपी पर फुलकारी वाला कवर चढ़ाया गया। पंजाब में अगले साल यानी 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में AAP सरकार आखिरी बजट में महिलाओं से 2022 में किया चुनावी वादा पूरा करेगी। जिसमें हर महिला को 1,000 रुपए प्रति महीने देने के लिए बजट रखा जाएगा।
बजट की एहम बातें
📣2026-27 में शिक्षा क्षेत्र पर ₹19,279 करोड़ खर्च किए जाएंगे। यह पिछले साल के मुकाबले 7% ज्यादा है। शिक्षा व्यवस्था में बदलाव लाने के लिए ‘सिखिया क्रांति 2.0’ पहल शुरू की जाएगी। इस पर अगले 6 साल में ₹3,500 करोड़ खर्च किए जाएंगे। सरकार ने श्री आनंदपुर साहिब में श्री गुरु तेग बहादुर जी के पवित्र नाम पर एक विश्व-स्तरीय यूनिवर्सिटी स्थापित करने को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। PM-SETU के तहत हब-एंड-स्पोक मॉडल से कुछ आईटीआई को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जा रहा है। साथ ही IIT रोपड़ के साथ साझेदारी और इनोवेशन लैब्स के जरिए छात्रों को AI, IoT और साइबर-फिजिकल सिस्टम्स जैसी नई तकनीकों से भी जोड़ा जा रहा है। 2026-27 में तकनीकी शिक्षा के लिए ₹569 करोड़ खर्चे जाएंगे। मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत पंजाब के हर परिवार को साल में ₹10 लाख तक का कैशलेस इलाज 900 से ज्यादा सरकारी और सचीबद्ध निजी अस्पतालों में मिलेगा। 2026-27 में इस योजना के लिए ₹2,000 करोड़ का बजट प्रस्तावित है, जिससे करीब 65 लाख परिवारों को फायदा होगा।
इस साल 100 नए आम आदमी क्लीनिक शुरू किए जा रहे हैं, जबकि 2026-27 में 143 और क्लीनिक खोले जाएंगे और 308 हेल्थ सेंटरों को अपग्रेड किया जाएगा। इससे पांच साल में कुल आम आदमी क्लीनिकों की संख्या 1,432 हो जाएगी, जिसके लिए 2026-27 में ₹351 करोड़ का बजट प्रस्तावित है।
2026-27 में सेहत पर ₹6,879 करोड़ खर्चे जाएंगे। इससे पंजाब में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत कर लोगों को सस्ती व बेहतर मेडिकल सुविधाएं देना है।
राज्य में मेडिकल एजुकेशन को मजबूत करने के लिए सरकार ने मालेरकोटला में नया मेडिकल कॉलेज बनाने का फैसला किया है। इसके लिए ₹49 करोड़ में 38.50 एकड़ जमीन खरीदी गई है।
नए सरकारी मेडिकल कॉलेज खोलने और चुने हुए जिलों में चरणबद्ध तरीके से इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की योजना है, जिससे MBBS सीटें बढ़ेंगी और आधुनिक टीचिंग हॉस्पिटल बनेंगे। 2026-27 में मेडिकल एजुकेशन और रिसर्च के लिए ₹1,220 करोड़ का बजट रखा गया है।
2026-27 में कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों के लिए ₹15,377 करोड़ का बजट रखा गया है। इसका मकसद फसल विविधीकरण, खेती को टिकाऊ बनाना, बाजार सुधार और किसानों की भलाई को बढ़ावा देना है।
किसानों के लिए मुफ्त और सब्सिडी वाली बिजली जारी रखने के लिए कृषि बिजली सब्सिडी पर ₹7,715 करोड़ का प्रावधान किया गया है। पंजाब में 68,000 किमी से ज्यादा ग्रामीण लिंक रोड नेटवर्क है, जिसमें से 40,103 किमी खराब सड़कों की मरम्मत और अपग्रेडेशन ₹12,597 करोड़ की लागत से किया जा रहा है।।रंगला पंजाब विकास योजना के तहत 117 विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पहले ₹585 करोड़ (हर हलके को ₹5 करोड़) दिए जा रहे थे। अब 2026-27 में इसका बजट बढ़ाकर ₹1,170 करोड़ किया जा रहा है और कामों की निगरानी के लिए डिजिटल पोर्टल व जियो-टैगिंग सिस्टम भी शुरू किया गया है।
2026-27 में उद्योग और वाणिज्य क्षेत्र के लिए ₹2,805 करोड़ का बजट रखा गया है। इसमें उद्योगों को सब्सिडी वाली बिजली और निवेश बढ़ाने के लिए ₹500 करोड़ के प्रोत्साहन भी शामिल हैं।।2022 से अब तक पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों में 63,943 युवाओं को नौकरी दी गई है, जबकि जॉब फेयर और प्लेसमेंट कैंप के जरिए 70,000 से ज्यादा युवाओं को रोजगार के मौके मिले। 2026-27 में रोजगार और स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी पहलों के लिए ₹287 करोड़ का बजट रखा गया है।
“युद्ध नशियां विरुद्ध” अभियान के तहत पिछले एक साल में 36,686 केस दर्ज कर 52,331 तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की गई और 33,000 किलो से ज्यादा नशा बरामद किया गया। ड्रग और सामाजिक-आर्थिक जनगणना अप्रैल 2026-27 से शुरू होगी, जिसके 100 करोड़ का बजट रखा गया है। खेड़दा पंजाब, बदलदा पंजाब” पहल के तहत 3,000 से ज्यादा मॉडल गांव खेल मैदान और 1,000 ग्रामीण इंडोर जिम बनाए जा रहे हैं। 2026-27 में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और खिलाड़ियों के समर्थन के लिए ₹1,791 करोड़ का बजट प्रस्तावित है।
2026-27 में श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के लिए ₹100 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत लोगों को मुफ्त धार्मिक यात्रा कराने के लिए 2026-27 में ₹312 करोड़ का बजट प्रस्तावित है।
श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ पर श्री आनंदपुर साहिब में नया प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स बनाएंगे।
2026-27 में गृह, न्याय और जेल विभाग के लिए ₹11,577 करोड़ का बजट रखा गया है। इसके साथ ही जेलों की सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार के लिए ₹535 करोड़ खर्च किए जाएंगे।


