रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के अमृतसर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है । पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक आतंकी और सरहद पार हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से भारी मात्रा में आधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी अमृतसर देहाती सोहेल मीर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक इलाके में अवैध हथियारों के साथ सक्रिय हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अमृतसर देहाती के गांव माहवा में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक AK-47 राइफल, दो मैगजीन, 36 जिंदा कारतूस और तीन आधुनिक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार यह हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत भेजे गए थे। पूछताछ में पता लगा कि उक्त आरोपियों ने पुलिस मुलाजिमों को निशाना बनाना था। जिस तरह गुरदासपुर में एएसआई और होमगार्ड की हत्या की गई उसी की तर्ज पर इन्होंने मुलाजिमों पर अटैक करके पंजाब का माहौल खराब करना था।



