रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड केस में उनका परिवार AAP सरकार के पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर और उनके पिता सुखदेव भुल्लर की गिरफ्तारी पर अड़ गया
है। रंधावा की सरकारी टीचर पत्नी उपिंदर कौर ने अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि जब तक गिरफ्तारी नहीं होती, वह पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
पत्नी उपिंदर ने कहा कि हमें धमकी मिल रही थी, इसलिए बच्चे मामा के घर भेज दिए। मैं भी स्कूल की ड्यूटी से मायके जाती थी। वहीं रंधावा की मां ने कहा कि झाडू वाले मेरे बेटे को खा गए। इन्होंने मेरे घर में ही झाडू फेर दिया। इससे पहले शनिवार आधी रात को पुलिस ने अमृतसर के रणजीत एवेन्यू थाने में पूर्व मंत्री भुल्लर, उनके पिता और PA दिलबाग पर सुसाइड के लिए उकसाने समेत कई धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली। इसमें दिए बयान में पत्नी ने कहा कि भुल्लर ने पति को धमकाया कि गैंगस्टर मेरे पाले हुए हैं। तेरे पूरे परिवार को खत्म करने के लिए एक इशारा ही काफी है। अगर तू मेरे नियमों को नहीं मान सकता तो तुझे जिंदा रहने का हक नहीं, तू जहर खा ले। इसके बाद पति ने शनिवार (21 मार्च) की सुबह सुसाइड किया था। वहीं आज चंडीगढ़ में कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा सीएम हाउस का घेराव करने जा रहे हैं। वह भी भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इसे देखते हुए तरनतारन में पूर्व मंत्री के घर भी समर्थकों की भीड़ जुटने लगी है। इस पूरे मामले में आप सरकार ने भुल्लर से तुरंत इस्तीफा लेकर डैमेज कंट्रोल की कोशिश की थी, लेकिन परिवार के एफआईआर पर अड़ने और विरोधियों के एकजुट होने के बाद केस दर्ज करना पड़ा।


