रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के सबसे महंगे व व्यस्त लाडोवाल टोल प्लाजा के रेट आज, 1 अप्रैल से फिर बढ़ गए। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने लाडोवाल टोल प्लाजा के लिए नए रेट जारी कर दिए हैं। टोल रेट में 5 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई है। साथ ही टोल पर कैशलेन भी बंद कर दी गई है। अब सभी वाहनों को डिजिटल माध्यम से भुगतान करना होगा।
पिछले साल भी 1 अप्रैल से टोल रेट बढ़े थे और रेट में 5 रुपए की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई थी। लाडोवाल टोल मैनेजर विपिन राय ने बताया कि NHAI की ओर से 27 मार्च को जारी नोटिफिकेशन के आधार पर दरों में संशोधन किया गया है। वहीं इस टोल से अब केवल फास्टैग या UPI पेमेंट कर ही गाड़ी टोल प्लाजा से गुजारी जा सकेगी। इसलिए, गाड़ी में फास्टैग अकाउंट एक्टिव कर लें। फास्टैग का उपयोग नहीं करते हैं, तो सुनिश्चित करें कि आपके स्मार्टफोन में UPI पेमेंट की सुविधा चालू हो। बिना डिजिटल पेमेंट के टोल प्लाजा पर पहुंचने पर जुर्माना देना पड़ सकता है या लौटाया जा सकता है, क्योंकि सभी टोल पर सिर्फ फास्टैग या UPI से ही टैक्स चुका सकेंगे।


