रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब सरकार ने मिल्कफेड (वेरका) के तहत दूध खरीदने की दर में बढ़ोतरी की है। सरकार ने दूध के रेट में ₹15 प्रति किलो फैट की वृद्धि की है, जो 1 अप्रैल से लागू कर कर दी गई। जिसके चलते अब दूध के सेल रेट बढ़ाने की आशंका है। हालांकि अभी सरकार ने दूध के सेल रेट पर कोई फैसला नहीं लिया है।
मिल्कफेड के अनुसार, गाय के दूध का पुराना रेट लगभग ₹770-780 प्रति किलो फैट था, जिसे बढ़ाकर ₹780-795 प्रति किलो फैट कर दिया गया है। वहीं भैंस के दूध का पुराना रेट करीब ₹810-820 प्रति किलो फैट था, जो अब बढ़कर ₹820-835 प्रति किलो फैट हो गया है। सरकार ने पिछले साल भी 10 रूपए बढ़ाए थे।
सरकार का कहना है कि यह निर्णय बढ़ती लागत, पशु चारा और अन्य खर्चों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि किसानों को बेहतर कीमत मिल सके। इस फैसले से राज्य के लगभग 2.5 लाख डेयरी किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। मिल्कफेड के अनुसार, गाय और भैंस दोनों तरह के दूध में समान रूप से बढ़ोतरी की गई है, हालांकि अंतिम भुगतान फैट प्रतिशत के आधार पर तय होता है, जिससे अलग-अलग किसानों को मिलने वाली राशि में थोड़ा अंतर हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि वेरका द्वारा रेट बढ़ाने के बाद निजी डेयरियां भी अपने खरीद मूल्य बढ़ाने पर मजबूर होंगी, जिससे बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और किसानों को अधिक फायदा मिलेगा।
इसके अलावा, इस फैसले से पंजाब की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। अनुमान है कि दूध के रेट बढ़ने से हर महीने करोड़ों रुपए अतिरिक्त रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचेंगे, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। कुल मिलाकर, सरकार का यह कदम डेयरी किसानों को राहत देने और डेयरी सेक्टर को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।


