रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले दो दिन से मौसम बदला हुआ है। रुक-रुक कर बारिश होने की वजह से मौसम ठंडा हो गया है। तापमान में 5.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है और अब यह सामान्य से 2.2 डिग्री नीचे पहुंच गया है। पठानकोट में शनिवार को तेज बारिश से मौसम ठंडा हो गया।
मौसम विभाग ने आज भी आंधी-तूफान, बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाएं 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। वहीं, पटियाला में 32.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज 22 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान 8 जिलों में ओलावृष्टि के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका है, जबकि 14 जिलों में आंधी और बिजली की संभावना है। इन जिलों में पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, गुरदासपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली शामिल हैं। जबकि अन्य 14 जिलों में आंधी चलने की संभावना है। इनमें अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा और संगरूर शामिल हैं।
उधर

होशियारपुर जिले के गढ़शंकर के गांव बकापुर गुरु में क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान आसमानी बिजली गिरने से 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव रसूलपुर निवासी तरुणदीप सिंह के रूप में हुई है। गांव के सरपंच ने बताया कि तरुणदीप 10वीं क्लास में हुआ था। अभी उसका रिजल्ट आया था। स्कूलों में छुट्टी के चलते वह टूर्नामेंट खेलने के लिए चला गया। सरपंच ने बताया कि दोपहर लगभग साढ़े 11 से 12 बजे के बीच की यह घटना है। 11 युवक किक्रेट टूर्नामेंट खेलने के लिए पास के गांव में गए थे। इस दौरान अचानक मौसम खराब हो गया। हलकी बूंदाबांदी के बीच भी खेल रहे थे तो इस दौरान बिजली गिर गई।


