रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के दिग्गज मंत्री संजीव अरोड़ा पर ईडी की रेड हुई है। जांच एजेंसी की टीमें शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे ही लुधियाना के गुरदेव नगर स्थित उनके घर (कोठी नंबर- 3311) में पहुंच गईं। इसके बाद बाहर केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात कर अंदर-बाहर आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई। जिस वक्त रेड हुई, मंत्री घर पर नहीं थे। ईडी ने लुधियाना, जालंधर, गुरुग्राम और चण्डीगढ़ के 13 ठिकानों पर छापेमारी की। दो पार्टनर्स की भी जांच की जा रही है।
लुधियाना के अलावा जालंधर में भी रियल एस्टेट कारोबारी हेमंद सूद के ठिकानों पर ईडी ने रेड की है। सूद हैंम्पटन होम के डायरेक्टर हैं और संजीव अरोड़ा के करीबी माने जाते हैं। हेमंत सूद के लुधियाना में सराभा नगर स्थित कोठी नंबर 175-1 पर भी रेड चल रही है। ईडी से जुड़े सोर्सेज के अनुसार मंत्री पर यह रेड जमीन सौदे को लेकर हुई है। सोर्सेज के मुताबिक ईडी को शक है कि मंत्री अरोड़ा ने सूद के साथ मिलकर हैम्पटन होम्स वाली जमीन का चेंज ऑफ लैंड यूज गलत तरीके से किया। जिसके बाद इंडस्ट्रियल जमीन को रेजिडेंशियल में बदल दिया गया। इस में नियमों को अनदेखा किया गया। ईडी की रेड होते ही केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने सोशल मीडिया पर मंत्री संजीव अरोड़ा की फोटो लगाकर लिखा- सब फड़े जाणगे



