रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): होशियारपुर में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे 300 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 4 वर्षीय बच्चे वंश को करीब 9 घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाहर निकलने के बाद बच्चा अपनी मां से लिपटकर रोया। NDRF, SDRF, पंजाब पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय निवासियों के सहयोग से यह ऑपरेशन सफल बना।


खेलते हुए बोरवेल में गिरा बच्चा करीब 30 फीट नीचे फंसा था। उसे शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 12:40 बजे बोरवेल से बाहर निकाला और तुरंत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां उसी हालत खतरे से बाहर बताई गई। DC आशिका जैन और SSP संदीप कुमार मलिक ने ऑपरेशन का शुरुआत से नेतृत्व किया। बचाव कार्य सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद DC ने बताया कि वंश को बचाने के बाद एंबुलेंस में डॉक्टरी टीम के साथ आगे की जांच के लिए अस्पताल भेज दिया गया। उसका इलाज चल रहा है।


