रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): लुधियाना में पाना-चाबी बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक जहरीली गैस लीक हो गई। हादसे में दम घुटने से बाप-बेटा समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि फैक्ट्री में काम कर रहे कई मजदूर बेहोश हो गए और कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री में रोजाना की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक गैस पाइपलाइन से रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में जहरीली गैस फैक्ट्री के अंदर फैल गई। गैस का असर इतना तेज था कि वहां मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। दम घुटने और आंखों में तेज जलन के कारण कई मजदूर फैक्ट्री के अंदर ही जमीन पर गिर पड़े। एसडीएम जसलीन भुल्लर ने 3 लोगों की मौत की पुष्टी की है। घटना रात करीब 2 बजे हुई। वहीं पुलिस सुबह साढ़े 10 बजे सूचना मिली। मृतकों की पहचान पिता मान सिंह और बेटा अमित और श्री राम (56) के नाम से हुई। मान सिंह और अमित मशीन के नीचे निकलने वाली मिट्टी को भरने के लिए गए थे। इसी दौरान वे हादसे की चपेट में आ गए। अमित शादीशुदा था। उसकी एक साल की बेटी भी है।


