रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): बरनाला में एक सड़क हादसे में एमटीएस स्कूल की टीचर अमनदीप कौर की मौत हो गई। यह घटना उस वक्त हुई, जब अमनदीप कौर आज सुबह अपने गांव सेखा से स्कूटी पर सवार होकर स्कूल जा रही थीं। एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमनदीप कौर बरनाला की ओर आ रही थीं तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हैरानी की बात की अमनदीप कौर को स्कूल प्रशासन ने क्लास लगाने के लिए स्कूल बुलाया था जबकि पंजाब सरकार द्वारा सभी स्कूलों में छुट्टियां घोषित की हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच पड़ताल
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि शिक्षिका के शव को बरनाला के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस अधिकारी दुर्घटनास्थल और परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और चश्मदीदों की मदद ले रही है।
जालंधर के सेंट सोल्जर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सिविल ड्रेस में बुलाए जा रहे स्टूडेंट
उधर जालंधर के सेंट सोल्जर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की एक वीडियो वायरल हुई। वायरल हुई वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि स्कूल में छुट्टियां होने के बावजूद भीषण गर्मी में बच्चों को क्लास लगाने के लिए बुलाया जा रहा है। स्कूल प्रशासन ने स्टूडेंट्स को खास हिदायतें दी है कि वह स्कूल की ड्रेस की जगह सिविल कपड़ों में आए ताकि किसी को शक न पड़े लेकिन रोजाना मेल न्यूज के एक रीडर ने अपने मोबाइल से वीडियो बना कर स्कूल प्रशासन की पोल खोल दी। हैरानी की बात है कि प्रशासन सरकार द्वारा जारी किए आदेशों को ही चेक नहीं करता।


