रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): दिल्ली के बाद अब पंजाब में भी काकरोच जनता पार्टी की एंट्री होने जा रही है। पार्टी की ओर से 13 जून को अमृतसर में प्रदर्शन की तैयारी की गई है। इसका ऐलान पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया है। वह इसके लिए पंजाब आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमृतसर में कल शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने सभी युवाओं को इसमें शामिल होने का न्योता दिया है।
दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी। पोस्ट की शुरुआत उन्होंने पंजाबी में “सत श्री अकाल” कहकर की। उन्होंने बताया कि वे 13 जून को शाम 4 बजे अमृतसर पहुंचेंगे। छात्रों व युवाओं से अपील की कि वे अमृतसर गेट पर एकत्र हों। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सभी मिलकर आवाज उठाएं तो NEET-CBSE छात्रों को न्याय मिल सकता है।


