रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): लुधियाना के दवा कारोबारी ने खन्ना के थाना सिटी-1 के टॉयलेट में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा लगी। जिससे उसकी मौत हो गई। आर्थिक तंगी से जूझ रहा कारोबारी एक ढोंगी बाबा के जाल में फंस गया था और उसने गरीबी दूर करने के बदले उससे 73 हजार रुपए ठग लिए।
कारोबारी के हालात नहीं सुधरे तो उसने ढोंगी बाबा से पैसे वापस मांगे। उन्हीं पैसों को लेकर ढोंगी बाबा के साथ उसकी तकरार होने लगी। कारोबारी ने थाना सिटी-1 में आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। सोमवार को पुलिस ने कारोबारी और ढोंगी बाबा को थाने बुलाया था। इसी दौरान कारोबारी थाने के टॉयलेट में गया और दरवाजा बंद कर लिया। उसके बाद उसने खुद पर पेट्रोल छिड़कर आग लगा ली और उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने इस संबंध में सीनियर अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस अधिकारियों को जैसे ही इस मामले में पता चला तो उन्होंने पूरा मामला दबाने की कोशिश की। अफसरों ने देर शाम तहसीलदार को बतौर मजिस्ट्रेट मौके पर बुलाया और उनके सामने शव का पंचनामा किया।


