रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के जालंधर में संपत्ति की भूख के कारण खूनी रिश्तें तार तार हो गए। जालंधर में बड़े भाई ने अपनी पत्नी के साथ मिल कर छोटे विकलांग भाई की निर्मम हत्या कर दी। हालांकि मां के आँसुओं ने सारा राज खोल दिया जिसके चलते जालंधर पुलिस ने भाई और भाभी को गिरफ्तार कर लिया है लेकिन इस हत्या ने साबित कर दिया कि कुछ जमीन और संपत्ति के कारण एक ही कोख से जन्मे भाई भी सगे नहीं रहे।
मामला खांबडा में पड़ते धर्मपुरा आबादी का है। जानकारी अनुसार धर्मपुरा आबादी के रहने वाले सोहांग उर्फ भोला पुत्र प्रीतम दास का अपने छोटे भाई टहिल दास (35) के साथ संपत्ति के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी विवाद ने हिंसक रूप धार लिया जिसके बाद सोहांग और उसकी पत्नी कमलजीत कौर ने विकलांग टहिल दास पर तेजधार हथियारों, डंडों और पत्थरों से अनेक वार कर दिए। खून से लथपथ टहिल दास की उसी वक्त मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जब तक दोनों भाइयों की मां वहां पहुंची तो छोटे बेटे की मौत हो चुकी थी और हत्यारे पति पत्नी भाग गए थे। बुजुर्ग महिला अपने मृतक बेटे की हत्या करने वाले बड़े बेटे और बहु खिलाफ कारवाई करवाने थाना सदर पहुंची। थाने पहुंच कर बुजुर्ग महिला को बड़े बेटे को लेकर भी कुछ विचार आया लेकिन वह अपने आंसू नहीं रोक पाई और पुलिस को सारी सच्चाई बता दी। थाना सदर की पुलिस ने भी बिना वक्त गंवाए केस दर्ज करके 24 घंटों के भीतर सोहांग और उसकी पत्नी कमलजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनासाथ से खून से सने हथियार और डंडे भी बरामद किए हैं। एडीसीपी टू माधवी शर्मा ने बताया कि दोनों को पुलिस रिमांड पर लिया है। उन्होंने कहा कि एक ऑटो रिक्शा भी जप्त किया है जो वारदात में इस्तेमाल हुआ है।


