रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे से एक दिन पहले जालंधर के रेडक्रॉस भवन की दीवारों पर ‘भाजपा भगाओ, पंजाब बचाओ’ और ‘पंजाब दा हल खालिस्तान’ जैसे नारे लिखे मिले। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो जारी कर इन नारों की जिम्मेदारी ली और दावा किया कि पंजाब के युवाओं ने इन्हें लिखा है। उसने भाजपा और अमित शाह को पंजाब में चिट्टे का होलसेलर बताया। हालांकि बाद में प्रशासन ने दीवारों पर लिखे नारों को कालिख पोतकर मिटा दिया गया। शाह 30 सितंबर को जालंधर के परागपुर क्षेत्र में ‘नशामुक्त पंजाब’ यात्रा को संबोधित करेंगे। भाजपा की ओर से निकाली जा रही चार ‘नशामुक्त पंजाब यात्राओं’ का समापन इसी रैली में होगा। डीसीपी आदित्य वारियर ने बताया कि मंगलवार सुबह इसके बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद स्पेशल टीम गठित कर दी गई है। मामला दर्ज करके आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए जा रहे हैं।


