रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): कनाडा मॉन्ट्रियल शहर की लाशीन नहर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान पंजाब के बरनाला जिले के तपा मंडी निवासी 26 वर्षीय लवप्रीत सिंह और अमृतसर जिले के गांव बुटाला (नौरंगपुर) के एक अन्य युवक के रूप में हुई है। लवप्रीत सिंह के माता-पिता ने केंद्र सरकार, पंजाब सरकार और विदेशों में रह रहे समाजसेवियों तथा एनआरआई से मदद की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि उनके इकलौते बेटे के पार्थिव शरीर को कनाडा से पंजाब लाने के लिए प्रशासनिक और आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वे धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उसका अंतिम संस्कार कर सकें।
यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों दोस्त मॉन्ट्रियल की लाशीन नहर के किनारे मौजूद थे। बताया जा रहा है कि अचानक अमृतसर निवासी युवक का पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया। उसे बचाने के लिए लवप्रीत सिंह भी पानी में कूद गया, लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी के कारण दोनों डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही मॉन्ट्रियल फायर डिपार्टमेंट और पुलिस मौके पर पहुंची तथा बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों को पानी से बाहर निकालकर गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में दोनों की मौत की सूचना सामने आई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस घटना ने तपा मंडी निवासी पूर्व सैनिक बलवीर सिंह के परिवार को झकझोर कर रख दिया है। मृतक लवप्रीत सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह करीब ढाई साल पहले वर्क परमिट पर कनाडा गया था और वहां एक कंपनी में ट्राला चालक के रूप में काम कर रहा था।
12वीं कक्षा पास करने के बाद बेटे के बेहतर भविष्य के लिए सीआरपीएफ के पूर्व जवान बलवीर सिंह ने अपनी दो एकड़ जमीन बेच कर लवप्रीत को विदेश भेजा था।


