रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर में दशहरे पर जुआ लूटकांड का वांटेड आरोपी दविंदर डीसी सरेआम दशहरे के कार्यक्रम में नेताओं और पुलिस अधिकारियों के साथ देखा गया। इतना ही नहीं, इस आरोपी ने डीएसपी को सम्मानित तक किया। इसी आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस वाले भी उसे गिरफ्तार करने के बजाय खुश होकर सम्मान लेते रहे। हालांकि इस बारे में सम्मानित होने वाले डीएसपी ने कहा कि मुझे तो पता ही नहीं था कि पुलिस उसकी किसी केस में तलाश कर रही है। हालांकि अब इसकी फोटो सामने आने के बाद जालंधर पुलिस की किरकिरी हो रही है। इसकी बड़ी वजह ये भी है कि जिस जुआ लूटकांड में आरोपी वांटेड है, वह 4 दिन पहले ही हुआ था। जालंधर की काजी मंडी से सटे दौलतपुरी में शनिवार (27 सितंबर) आधी रात हुई करीब 15 लाख की जुआ लूट का मामला सामने आया था। लूट की वारदात हरगोबिंद नगर के चिंटू और उसके साथी आदमपुर वासी दविंदर उर्फ डीसी ने मिलकर की थी। इनके अलावा ढन्न मोहल्ला के विशाल उर्फ मोटा, गोरा, स्वामी और शोभित कल्याण की तलाश में पुलिस रेड कर रही है।


