रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर के घुल्ले की चक्की इलाके में दिवाली की रात जुआ लूटने वाले एआईजी के गनमैन और जुआरियों में राजीनामा हो गया है। इससे पहले गनमैन पुलिस कर्मी को थाना भार्गव कैंप में तीन दिन तक भी रखा गया था लेकिन अब जुआ लूटने वाले सभी लोगों को क्लीन चिट दे दी गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस कर्मी ने जुआरियों को लूटी जुए की रकम तीन लाख रुपए की नकदी देकर राजीनामा किया। सूत्रों की माने तो यह राजीनामा एक इंस्पेक्टर की देख रख में हुआ।
सूत्रों की माने तो जुआ लूटने वालों में पुलिस कर्मी के इलावा काले तेल के व्यापारी का बेटा और जल्लोवाल आबादी का युवक भी शामिल था। हालांकि एआईजी के गनमैन को थाना भार्गव कैंप के मुंशी के कमरे में तीन दिन तक भी गया लेकिन अंदर खाते राजीनामा करवा कर मामला रफा दफा कर दिया गया। अगर यही कोई और वारदात करता तो उस पर एक्शन होना तय था लेकिन अपने पुलिस कर्मी की इस करतूत पर पुलिस ने खुद ही पर्दा डाल दिया। सबसे खास बात यह भी है कि मुलाजिम ने यह अपराध वर्दी डाल कर किया लेकिन खाकी की लाज उतारने वाले इस पुलिस कर्मी पर एक्शन नहीं हो पाया। आपको बता दें कि दिवाली की रात एआईजी के गनमैन और उसके साथियों ने घुल्ले की चक्की नजदीक जुए के अड्डे पर फर्जी रेड मार कर करीब तीन लाख रुपए और जुआरियों के मोबाइल लूट लिए थे। इस संबंधी थाना भार्गव कैंप की पुलिस को शिकायत भी दी गई थी जिसके बाद एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई थी जिसमें खाकी वर्दी में आया पुलिस कर्मी जुआरियों को पकड़ कर ले जा था। यह रेड सीआईए का नाम लेकर की गई थी। जल्द ही इसमें और भी खुलासे किए जाएंगे।


